आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब दौरे के दूसरे दिन बठिंडा में व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आप की सरकार बनने के बाद एक अप्रैल से व्यापारियों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पंजाब में फैले भ्रष्टाचार, अपराध व इंस्पेक्टरी राज और माफिया राज को खत्म करने की घोषणा भी की। आप नेताओं ने अरविंद केजरीवाल को पंजाब के लिए उम्मीद की किरण बताया।
बठिंडा में शुक्रवार को केजरीवाल ने जहां व्यापारियों-कारोबारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जाना, वहीं उन्होंने कारोबारियों के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। केजरीवाल ने पहली घोषणा मेें कहा कि 1 अप्रैल 2022 के बाद हर व्यापारी की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी (आप की सरकार) की होगी। डरना छोड़ दो और व्यापार व उद्योग के विकास के लिए अभी से योजना का कार्य शुरू कर दो। दूसरी घोषणा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी एक ईमानदार सरकार देंगे।
केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि पंजाब ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा को पंजाब में सरकार बनाने के बहुत मौके दिए हैं, लेकिन अब एक मौका आम आदमी पार्टी को भी देकर देखो। एक बार मौका दीजिए फिर दिल्ली की तरह आप की सरकार को कोई भी नहीं हिला सकेगा। इस मौके मंच पर प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद भगवंत मान, पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह, सह-प्रभारी राघव चड्ढा और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा उपस्थित रहे। मंच संचालन पार्टी विधायक अमन अरोड़ा ने किया।
चन्नी सरकार पर किया हमला
चन्नी सरकार पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी की नकल करना आसान है, लेकिन अमल करना मुश्किल है, क्योंकि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आप सरकार के कार्यों को देख इंस्पेक्टरी राज खत्म करने, व्यापारियों को भागीदार बनाने और उद्योगों को सुविधाएं प्रदान करने की घोषणाएं तो जरूर करते हैं, लेकिन अमल नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि चन्नी सरकार के पास न अच्छी नीयत और न ही नीति है। इस कारण पंजाब में करीब 2700 होटल बंद हो गए और हजारों उद्योग पंजाब से बाहर पलायन कर गए।
जोजो बोले- केजरीवाल पर मानहानि का केस करूंगा
शुक्रवार को स्थानीय एक पैलेस में व्यापारियों के साथ बैठक में पहुंचे आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जैसे ही मंच से बयान दिया कि व्यापारियों पर वित्तमंत्री के रिश्तेदार जोजो नामक टैक्स लग रहा है। इस पर विवाद बढ़ गया। वित्तमंत्री के रिश्तेदार जोजो ने कहा कि वह सोमवार को जिला अदालत में केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर करंगे। वित्तमंत्री के रिश्तेदार जोजो ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि केजरीवाल की किसी भी माफी को वह स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का बयान आम आदमी पार्टी की बौखलाहट का नतीजा है। आप नेता मेरे और मेरे परिवार पर झूठे आरोप लगाकर राजनीति कर रहे हैं।