पंचकूला। जिले में बुधवार को कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। जिले में अब 8 कोरोना के एक्टिव मरीज हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि आठ मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं हैं। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बुधवार को 262 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44166 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43744 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 615393 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का पालन करें।
पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि अब तक पंचकूला में 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण करवाया जा रहा है। पंचकूला में 44 फीसदी के साथ अब तक 11019 लोगों का टीकाकरण किया गया है। वहीं 15 से 17 साल के बच्चों का 82 फीसदी टीकाकरण किया गया है। उन्होंने अपील कर कहा कि लोग टीकाकरण में भाग लेकर जल्द ही दोनों डोज लगवाएं और कोरोना से अपना बचाव करें।