चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शासन में सुधार लाने के लिए मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रदेश की प्राथमिकताओं के अनुरूप बेहतर कार्य करेंगे। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को यहां सुशासन सहयोगियों के छठे नए बैच को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत अति गरीब एक लाख परिवारों की आय कम से कम 10 हजार रुपये मासिक करने का लक्ष्य है। इस योजना में 6 विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं जिनमें स्थानीय निकाय, श्रम, स्किल इंडस्ट्रीज, स्वास्थ्य, एमएसएमई आदि शामिल हैं।
प्रदेश का नूंह जिला सबसे कमजोर है उसे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन सहयोगी सरकार व जनता के बीच सहयोगी की अहम भूमिका निभाते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें। सुशासन सहयोगियों ने मुख्यमंत्री को अपने सुझाव भी दिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के अलावा अशोका यूनिवर्सिटी के को-फाउंडर विनित गुप्ता भी मौजूद रहे।