चंडीगढ़। अतिथि अध्यापकों की ग्रेच्युटी और सेवा नियमों की फाइल एसीएस कार्यालय में पहुंच गई है। यहां से मंजूरी मिलते ही सेवा नियमों का पत्र जारी कर दिया जाएगा। साथ ही चिकित्सा बीमा योजना के लिए 8 या 9 मार्च को विधि समिति की बैठक होगी, उसी दिन पूरा मसौदा तैयार किया जाएगा।
ये फैसले शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर और निदेशक जे गणेशन के साथ समस्त अतिथि अध्यापक संघ की बैठक में लिए गए। बुधवार को हुई बैठक में अतिथि अध्यापकों की तमाम मांगों पर गंभीरता के साथ विचार किया गया। संघ की राज्य प्रधान मैना यादव और प्रदेश महासचिव पारस शर्मा ने बताया कि अतिथि अध्यापकों को रिटायरमेंट के बाद जेबीटी, टीजीटी और पीजीटी पोस्ट पर ज्वाइन कराने के लिए इसी महीने पत्र जारी होगा। अप्रैल से नियुक्ति कराई जाएगी और इनका मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। इसमें दूसरे स्टेट के रिटायर्ड टीचर्स को भी मौका मिलेगा। पहले जेबीटी रिटायर्ड को दोबारा नियुक्ति नहीं दी जाती थी। इनकी नियुक्ति 11 महीने के लिए की जाएगी।
इसके अलावा, सभी जिलों में एक समान सैलरी स्लैब की फाइल एसीएस कार्यालय में है, जिसका पत्र वहां से मंजूर होते ही जारी किया जाएगा। मेवात और मोरनी में अतिथि अध्यापकों को ऑनलाइन या ऑफलाइन ज्वाइन कराने पर विचार चल रहा है, जिस पर फैसला लेकर जल्द ही घोषित हो जाएगा। धरने के दौरान हड़ताल पर रहे अतिथि अध्यापकों को ऑन ड्यूटी माना जाएगा, उसका पत्र भी इसी सप्ताह जारी होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 12 जनवरी को मुख्यमंत्री की बैठक में मानी गई बातों के पत्र हर कीमत पर इस महीने में जारी होंगे। बैठक में राधाकृष्ण, राजीव और हरदीप गिल मुख्य रूप से मौजूद रहे।