चंडीगढ़। खेत में बिजली के ढीले लटके तार का शिकार होकर जान गंवाने वाले युवक के पिता ने इसके लिए बिजली विभाग को दोषी ठहराते हुए एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है। साथ ही याचिका में दोषियों पर कार्रवाई की भी अपील की गई है।
कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद निवासी किसान सुरेश पाल ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए बताया कि उसके खेत में बिजली के तार ढीले होकर काफी नीचे आ गए थे। इस बारे में बिजली विभाग को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। एक दिन उसका बेटा सतीश कुमार खेत में मौजूद था और वह इस तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आने के कारण लगे झटके से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण बिजली का करंट बताया गया है। इस्माइलाबाद में इस दुर्घटना की डीडीआर दर्ज की गई थी। इसके बाद मृतक की पत्नी ने दोषी बिजली विभाग के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत भी दी थी। याची ने बताया कि मुआवजे की मांग को लेकर बिजली विभाग को कानूनी नोटिस दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। याची ने अब मजबूरन हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है और मुआवजे के रूप में एक करोड़ रुपये जारी करने का निर्देश जारी करने की हाईकोर्ट से अपील की है।