बहुचर्चित रणजीत सिंह हत्याकांड में मंगलवार को फैसला आने की संभावना के मद्देनजर कोर्ट परिसर छावनी में तबदील था। सुरक्षा में आईटीबीपी की एक बटालियन को तैनात किया गया था। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीएसपी सतीश कुमार खुद संभाल रहे थे। वह लगातार पुलिस और आईटीबीपी के जवानों को निर्देश दे रहे थे। वहीं, प्रदेश का खुफिया विभाग दिनभर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इनपुट जुटाता रहा। साथ ही जजों और उनके घरों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी।
डीएसपी सतीश कुमार ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखकर कोर्ट परिसर की तरफ आने वाले हर वाहनों को चेक करने का आदेश दिया गया है। वहीं, कोर्ट की तरफ किसी भी वाहन को आने की इजाजत नहीं दी गई है। कोर्ट में रुटीन कार्य के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग के रास्ते जाने की अनुमति प्रदान की गई है। लेकिन, कोर्ट में वह तभी प्रवेश कर पाएंगे जब तलाशी पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में एक बज्र, एक रैपिड वाहन को भी तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि शहर के प्रवेशद्वार पर हरियाणा पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई, जो दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की गहनता से जांच कर रहे थे। कोर्ट के चारों तरफ प्रवेशद्वार पर आईटीबीपी और हरियाणा पुलिस के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।