इन लोगों को सबसे पहले बनवारीपुर में मृत किसान के घर जाना था। करीब 10 किमी पहले ही निघासन थाना पुलिस ने इन्हें रोक लिया। इसके बाद आप नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
लखीमपुर खीरी में घटित हुई घटना में पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसमें दिल्ली के विधायक और पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा, नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, विधायक प्रो. बलजिंदर कौर व कुलतार संधवा शामिल हैं।
आप के शिष्टमंडल ने सबसे पहले गांव बनवारीपुर में मृत किसान के घर जाना था। लेकिन उक्त गांव से करीब 10 किमी पहले ही निघासन थाना पुलिस द्वारा लगाए नाके पर शिष्टमंडल को रोक लिया गया। इस दौरान राघव चड्ढा सहित अन्य नेताओं की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से काफी नोकझोंक हुई। इसके बाद आप नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन
भाजपा और उसके नेता किसानों को कुचल रहे
इस मौके पर राघव चड्ढा ने कहा कि हमने इतिहास के पन्नों में पढ़ा था कि जर्मनी में तानाशाह हिटलर के शासन में लोगों को एक गैस चेंबर में डालकर जहरीली गैस छोड़ उन्हें मार दिया जाता था। इसी तरह आज देश में भी किसान को कुचलने और रौंदने का प्रयास भारतीय जनता पार्टी और उसके नेता कर रहे हैं।
राघव चड्ढा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई ने मांग की है कि जिन्होंने किसानों को रौंदने का अपराध किया, उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल में डाले। आप नेताओं का कहना है कि वे यहां से नहीं जाएंगे, जब तक उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं दिया जाता है। आप नेताओं ने वहीं पर खाना खाया और पूरी रात वहीं गुजारी।
किसानों को तबाह करने पर तुली हुई है भाजपा सरकार : आप
लखीमपुर खीरी रवाना होने से पहले आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विधायक राघव चड्ढा और पंजाब के नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा और उसकी सरकार किसानों को तबाह करने पर तुली हुई है। वायरल वीडियो से स्पष्ट हो गया है कि किस तरह सीधे तौर पर भाजपा के लोग और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे किसानों को पीठ पर वार करके रौंदते हुए अपनी गाड़ी को ले गए।