चंडीगढ़। हरियाणा में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूली बच्चों को मिड-डे मील में पका हुआ भोजन मिलेगा। सरकार ने कोविड के कारण पका हुआ खाना देने पर लगाई गई बंदिश हटा ली है। अब सूखे राशन की जगह पहले ही तरह दाल, सब्जी, चावल, पुलाव इत्यादि मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने वीरवार को यह निर्देश जारी कर दिए। निदेशालय की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि वे पीएम पोषण योजना के तहत दोपहर के भोजन की व्यवस्था बच्चों के लिए स्कूलों में सुनिश्चित करें। कोविड मानकों का इस दौरान पूरा ध्यान रखा जाए। पत्र की प्रति सभी डीसी को भी भेजी गई है। चूंकि, बच्चों को घर पर सूखा राशन जिला प्रशासन ही पहुंचा रहा था। नए सत्र से यह व्यवस्था बंद हो जाएगी।
चिन्हित दुकानों से किताबें व अन्य सामग्री खरीदने का नहीं बना सकेंगे दबाव
स्कूल शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों पर शिकंजा कस दिया है। स्कूल चिन्हित दुकानों से किताबें, जूते, मौजे, कॉपियां, लेखन सामग्री व वर्दी खरीदने के लिए दबाव नहीं बना सकेंगे। विभाग ने इस संबंध में सभी डीईओ, डीईईओ को वीरवार को पत्र जारी कर दिया। जिसमें कहा गया है कि निजी स्कूलों पर ये आदेश लागू कराएं। अगर कोई स्कूल दबाव बना रहा है और अभिभावकों की ओर से शिकायत आती है तो संबंधित स्कूल के खिलाफ हरियाणा स्कूल शिक्षा नियमावली-2003 के तहत कार्रवाई की जाए।