पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने राजपुरा की ढेहा बस्ती में डायरिया के कारण हुई चार बच्चों की मौत के मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए जहां डिप्टी कमिश्नर पटियाला को पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने के आदेश दिए, वहीं बस्ती में साफ पेयजल का प्रबंध करने के भी निर्देश जारी किए हैं। आयोग की पटियाला इंचार्ज सदस्य परमजीत कौर ने बताया कि राजपुरा की ढेहा बस्ती में दूषित पानी से डायरिया होने पर गरीब और अनुसूचित जाति से संबंधित चार बच्चों की मौत का आयोग ने संज्ञान लिया है।
उन्होंने डिप्टी कमिश्नर पटियाला संदीप हंस को पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और साफ पानी के प्रबंध व स्थायी पेयजल कनेक्शन देने को कहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आयोग ने बस्ती का नाम भी जातिसूचक से बदलकर अन्य नाम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डिप्टी कमिश्नर ने इस संबंध में तुरंत कार्यवाही अमल में लाने का भरोसा दिलाया है।