पंचकूला। रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की पूरी जिम्मेदारी रेलवे के हाथों में आने वाली है। इसका सबसे ज्यादा फायदा रेल यात्रियों को मिलेगा। पार्किंग, प्लेटफार्म टिकट, खानपान सेवाएं, विज्ञापन, साफ-सफाई, साज-सज्जा, रिटायरिंग रूम, वेटिंग हॉल, डिस्प्ले बोर्ड, हेल्प डेस्क विश्रामगृह, इमरजेंसी चिकित्सा, शौचालय आदि का प्रबंधन इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कार्पोरेशन (आईआरएसडीसी) से रेलवे के हाथों में मिलते ही पार्किंग के रेट (वाहन, कार, ऑटो, साइकिल) 6 से 8 गुना कम हो जाएगा। अंबाला मंडल की तरफ से रेलवे के पुराने पार्किंग रेट फिर से लागू कर दिए जाएंगे।
रेलवे के हाथों में होगी स्टेशन की बागडोर
21 मार्च 2019 से रेलवे सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था, टिकट की बिक्री और ट्रेनों के संचालन का काम देख रहा है। स्टेशन की अन्य जिम्मेदारी आईआरएसडीसी की थी, लेकिन फिर रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशनों की डेवलपमेंट का कार्य रेलवे मंडल को सौंप दिया है, लेकिन अभी मंत्रालय की तरफ से अंबाला मंडल को डेट निर्धारित नहीं की है। आधिकारिक सूत्रों के मुुताबिक स्टेशन का पूरा कमान अंबाला डिवीजन के हाथों में आने में अभी एक से दो माह का समय लग सकता है। अब आईआरएसडीसी से स्टेशनों की डेवलपमेंट का कार्य लिए जाने के बाद अंबाला मंडल ही स्टेशन के सौंदर्यीकरण को संभालेगा। स्टेशनों के डेवलपमेंट के जितने भी प्रोजेक्ट के दस्तावेज हैं वह आईआरएसडीसी रेलवे मंडल को सौंपेगा। अन्य कांट्रेक्ट भी रेलवे मंडल ही देखेगा।
कागजी कार्रवाई में लगेगा समय
स्टेशनों को सौंपने करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वहीं, बताया जा रहा है कि आईआरएसडीसी स्टेशनों पर व्यवस्थाओं को संभालने में नाकाम रहा, जिस वजह से रेलवे बोर्ड ने यह फैसला लिया है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे विकास कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसमें समय लग सकता है। क्योंकि नए परियोजनाओं संबंधी दस्तावेज सौंपने के लिए आईआरएसडीसी को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।
नए और पुराने पार्किंग रेट में अंतर
लागू होने वाले रेट अभी के रेट
साइकिल पांच रुपये पहले चार घंटे के लिए पांच रुपये, 4-12 घंटे के 10 रुपये, 12-24 घंटे के 15 रुपये
स्कूटर-बाइक 10 रुपये पहले दो घंटे के लिए 15 रुपये, उसके बाद हर घंटे के 10 रुपये (कुल 235 रुपये प्रतिदिन)
कार-जीप 20 रुपये पहले दो घंटे के लिए 30 रुपये, उसके बाद हर घंटे के 15 रुपये (कुल 360 रुपये प्रतिदिन)
मासिक दाम पुराने रेट अभी का रेट
साइकिल 100 रुपये 200 रुपये
स्कूटर-बाइक 200 रुपये 1500 रुपये
कार-जीप 600 रुपये 4000 रुपये
अभी मंत्रालय लेबल पर इसका फैसला हुआ है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को आईआरएसडीसी अंबाला मंडल को कब तक हैंड ओवर करेगा, इसके लिए अभी कोई लेटर नहीं आया है। रहा सवाल रेलवे स्टेशन के पार्किंग रेट का तो रेलवे के पास पार्किंग की जिम्मेदारी आने के बाद पुराने निर्धारित रेट के अनुसार स्टेशन के पार्किंग रेट कर दिए जाएंगे। - जीएम सिंह, डीआरएम अंबाला डिवीजन