पंचकूला। कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी की जन आशीर्वाद यात्रा चार अप्रैल को सेक्टर-19 पहुंचेगी। यहां पहुंचने पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की जिला इकाई द्वारा उसका स्वागत किया जाएगा। 14 अप्रैल तक जिले में कई जगह धार्मिक आयोजन के बाद यह यात्रा दूसरे जिलों के लिए रवाना होगी।
अग्रवाल भवन में पत्रकारवार्ता में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन हरियाणा के राष्ट्रीय उपमहामंत्री सीबी गोयल ने बताया कि अग्रोहा शक्तिपीठ में कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी का देश का सबसे बड़ा मंदिर बनाया जा रहा है। मंदिर के निर्माण पर लगभग 500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। अग्रोहा शक्तिपीठ की तरफ से देशभर में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में 18 जनयात्रा चल रही हैं जो अग्रसेन जयंती से पहले पूरे देश का भ्रमण कर वापस अग्रोहा पहुंच जाएंगी।
इस मौके पर अग्रवाल सभा पंचकूला के कन्वीनर अमित जिंदल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला प्रधान विजय अग्रवाल के अलावा जगमोहन गर्ग, तेजपाल गुप्ता, विजय बंसल, भगवान दास मित्तल, हरबिलास जिंदल, अनिल गोयल, बालकिशन सिंगला, कुसुम गुप्ता और जय राजा आदि उपस्थित रहे।