चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने बुधवार को नशे के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ राज्य भर में 10 विभिन्न स्थानों पर 83 किलो हेरोइन, 10,000 किलो भुक्की, 100 किलो गांजा, 4.52 लाख गोलियां, कैप्सूल नष्ट किए।पुलिस के डायरेक्टर जनरल (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने कपूरथला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर जिलों और सभी एसटीएफ रेंजों से संबंधित नशे की खेप के चल रहे निपटारे की जांच करने के लिए डेराबस्सी में नशा नष्ट करने वाली जगह पंजाब केमिकल एंड क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड का औचक दौरा किया। इस मौके पर डीजीपी के साथ स्पेशल डीजीपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुलदीप सिंह, डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीआईजी) रूपनगर रेंज नीलांबरी जगदले और मोहाली के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) डॉ. संदीप गर्ग भी मौजूद थे।
डीजीपी गौरव यादव ने इस दौरान बताया कि पंजाब के 33 जिलों कमिश्नरेट्स और यूनिट्स द्वारा राज्य भर में 10 विभिन्न स्थानों पर 626 एनडीपीएस मामलों से संबंधित नशे की इस बड़ी खेप का पारदर्शी ढंग से निपटारा किया गया है। उन्होंने बैठक के जरिए बाकी जिलों, यूनिट्स पर चल रहे नशे के निपटारे की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा सत्ता संभालने से लेकर अब तक कम से कम 2700 किलोग्राम हेरोइन, 3450 किलो अफीम, 1.77 लाख किलो भुक्की, 1.40 करोड़ गोलियां, कैप्सूल और 2 लाख इंजेक्शन नष्ट किए हैं। पंजाब में नशे को नष्ट करने संबंधी आखिरी कार्रवाई 7 जून 2024 को की गई थी।
डीजीपी ने नशे को ना कहो का स्पष्ट संदेश देते हुए जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, क्योंकि नशे की लत उनके जीवन के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने राज्य के लोगों को पंजाब पुलिस की नशे के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अगर कोई भी नशा तस्करी या सप्लाई करता पाया जाता है तो उसकी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें।
मार्च 2022 से नशे के खिलाफ की गई कार्रवाई :
-2 किलोग्राम और इससे अधिक हेरोइन के साथ पकड़ी गईं बड़ी मछलियां : 356
-कुल हेरोइन बरामद: 2324 किलोग्राम
-कुल अफीम बरामद: 2239 किलोग्राम
-कुल भुक्की बरामद: 106 टन
-कुल गांजा बरामद: 2613 किलोग्राम
-गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, शीशियां बरामद: 4.16 करोड़
-ड्रोन बरामद: 187