चंडीगढ़। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की ओर से आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर आप ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि यह भाजपा सरकार का गैर-लोकतांत्रिक और असांविधानिक कदम है। आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बुधवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के खिलाफ बदले की भावना के तहत काम कर रही है। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम आदमी पार्टी को किसी भी तरह खत्म करना चाहते हैं, इसलिए अरविंद केजरीवाल और आप नेताओं के खिलाफ मोदी सरकार देश की जांच एजेंसियों का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रही है।
कंग ने कहा कि निचली अदालत से केजरीवाल को जमानत मिलने के बाद जिस तरह से जल्दबाजी में जजमेंट की कॉपी आए बिना ईडी ने हाईकोर्ट का रुख किया, यह स्पष्ट तौर पर दर्शाता है कि यह सब प्रधानमंत्री और भाजपा के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस केस में मुख्य आरोपी के साथ भाजपा के रिश्ते हैं। उसने भाजपा को इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिये 60 करोड़ रुपये के चुनावी फंड दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने भाजपा को फंड दिया, उसके बयान के आधार अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया। भाजपा कुछ भी कर ले, लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि अदालत से हमें न्याय जरूर मिलेगा। जल्द ही अरविंद केजरीवाल इस मामले में निर्दोष साबित होंगे और उन्हें जमानत मिलेगी एवं भाजपा का षड्यंत्र लोगों के सामने आएगा।