खिलाड़ियों के नाम पर होंगे सड़कों और स्कूलों के नाम
टोक्यो ओलंपिक में राज्य के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के सम्मान में, कैप्टन ने स्कूलों के नाम और उनके पैतृक गांवों की ओर जाने वाली सड़कों का नाम खिलाड़ियों के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और स्कूल शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला को ऐसे स्कूलों और सड़कों की पहचान करने के लिए भी कहा ताकि हर पंजाबी को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों को उचित सम्मान दिया जा सके।
हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत बने एसपी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को पंजाब पुलिस में डीएसपी से पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया।
नीरज चोपड़ा नहीं पहुंचे समारोह में
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब की पृष्ठभूमि वाले स्वर्ण पदक विजेता जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, जो यह विलक्षण प्राप्ति करने वाले पहले भारतीय एथलीट भी हैं, को भी सम्मानित करेगी। उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा इस समारोह में शामिल नहीं हो सके।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को चंडीगढ़ पुलिस में भर्ती की पेशकश की
अपने संबोधन के दौरान पंजाब के राज्यपाल और यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने खिलाड़ियों की पुलिस में भर्ती होने की इच्छा की सराहना की और इच्छुक खिलाड़ियों को चंडीगढ़ पुलिस में भर्ती होने की पेशकश की।
खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने एलान किया कि पंजाब सरकार सुरजीत हॉकी अकादमी की तर्ज पर महिला हॉकी अकादमी स्थापित करेगी। उन्होंने ओलंपिक पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी की पेशकश के एलान का स्वागत किया।
बढ़ाकर दी गई पुरस्कार राशि
पंजाबी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के मद्देनजर पंजाब सरकार ने इस बार नकद पुरस्कारों की राशि को बढ़ाकर देने का फैसला किया। इस मौके पर कांस्य पदक विजेता 10 पुरुष हॉकी खिलाड़ियों को 2.51-2.51 करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह भारतीय महिला हॉकी टीम की दो खिलाड़ियों, पुरुष हॉकी खिलाड़ी (प्रतिभागी) और एक फाइनलिस्ट एथलीट को 50-50 लाख रुपये और इन खेलों में हिस्सा लेने वाले छह खिलाड़ियों को 21-21 लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया।
टोक्यो ओलंपिक में पंजाब के इन 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया
- कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम के 11 खिलाड़ी - मनप्रीत सिंह (कप्तान), मनदीप सिंह, हार्दिक सिंह, हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदरपाल सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंट सिंह, कृष्ण पाठक, वरुण कुमार और सिमरनजीत सिंह
- एथलेटिक्स में 3 खिलाड़ी- तेजिंदरपाल सिंह तूर (शॉटपुट), कमलप्रीत कौर (डिस्कस थ्रोअर) और गुरप्रीत सिंह (50 किलोमीटर वॉकर)
- सेमीफाइनल में पहुंची और चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम की दो खिलाड़ी- गुरजीत कौर और रीना खोखर
- निशानेबाज अंजुम मोदगिल और अंगदवीर सिंह
- मुक्केबाज सिमरनजीत कौर
- पैरालंपिक में हिस्सा लेने जा रही बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली