पंजाब के सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री डा. राज कुमार वेरका ने पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाले के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। डॉ. वेरका ने कहा कि इस मामले में करीब 100 कॉलेज शामिल हैं और उन पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली बनती है। मंत्रिमंडल से चर्चा के बाद इस संबंध में एडवोकेट जनरल की राय प्राप्त हो गई है।
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 50 लाख से अधिक वसूली के संबंध में केस दर्ज करने के लिए कहा है। इस संदर्भ में गरीब बच्चों के साथ धोखा करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के हुक्म दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि प्राथमिक रिपोर्टों के आधार पर डॉ. वेरका के आदेश पर पांच अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही चार्जशीट किया जा चुका है।
इनमें डिप्टी डायरेक्टर परमिंदर सिंह गिल, डीसीएफए चरणजीत सिंह, एसओ मुकेश भाटिया, सुपरिटेंडंट रजिन्दर चोपड़ा और वरिष्ठ सहायक राकेश अरोड़ा शामिल हैं। डॉ. वेरका ने कहा कि एससी स्कॉलरशिप फंड में हेराफेरी करने वाले कॉलेज, जो रकम वापस करने में असफल रहे हैं, के विरुद्ध भी अब कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी स्तर पर अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई को निजी तौर पर यकीनी बनाएंगे।