चंडीगढ़। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सोमवार को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (एसएएस नगर) में राज्य के दूरस्थ गांवों के लिए मोबाइल कोविड केयर यूनिट का शुभारंभ किया। जिला प्रशासनिक परिसर से एक मोबाइल कोविड केयर यूनिट (एमसीसीयू) को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ट्रीबो होटल्स की साझेदारी के साथ यह सेवा शुरू की है।
उन्होंने बताया कि कोरोना मुक्त पंजाब के लिए मिशन फतेह-2.0 के तहत इस एमसीसीयू को स्थापित करने का उद्देश्य इस कठिन समय में ग्रामीण समुदायों की सेवा करना है, जिनकी स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुंच है। एमसीसीयू में 20 बेड, 10 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर, ऑन-साइट मेडिकल और नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल सप्लाई होगी। एसएएस नगर जिला प्रशासन मोबाइल कोविड केयर यूनिट चलाने वाला सबसे पहला जिला है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पायलट एमसीसीयू की सफलता के बाद कुछ और एमसीसीयू चलाए जाएंगे। टीयर-1 और मेट्रो शहरों से छोटे शहरों और गांवों में फैली इस महामारी के कारण अंदरूनी इलाकों के कोविड-19 रोगियों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक मोबाइल यूनिट की बहुत ज्यादा आवश्यकता है। इस मोबाइल यूनिट को तुरंत तैयार किया जा सकता है और इसके द्वारा दूर-दराज के स्थानों पर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा सकती हैं जहां इस समय मौजूदा गंभीर स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा बुनियादी ढांचा पर्याप्त नहीं है।