पंचकूला। हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्यमंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग सेक्टर-1 के विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में 24 शिकायतें ली गईं। इनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि बाकी को तय समय सीमा में निपटान करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक और नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल मौजूद रहे। इस अवसर पर खेलमंत्री संदीप सिंह ने सरकार की ओर से निर्धारित किए गए छह माइनिंग जोन में दस फीट से अधिक खनन करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी ने भी इससे अधिक खनन किया तो उस खनन स्थल को तुरंत सील किया जाएगा।
इस मौके पर खेलमंत्री संदीप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समिति के गैर सरकारी सदस्यों से तालमेल बनाए रखें और विभाग की ओर से की जाने वाली कार्रवाई से पहले उन्हें सूचित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी बैठक में शिकायत से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड लेकर आएं जिससे तथ्यों के आधार पर मामले का बेहतर आकलन कर शिकायतों का निपटारा किया जा सके, साथ ही शिकायतकर्ता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
अवैध खनन पर लिया कड़ा संज्ञान
जिले में गांव खेड़ावाली और कर्णपुर में अवैध खनन की शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए संदीप सिंह ने जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिए कि पुलिस बल की मदद से शाम तक अवैध खनन को जरूर बंद करवाया जाए और इसमें संलिप्त एजेंसियों को ब्लैक लिस्ट किया जाए। खनन स्थल पर स्थापित की गई अवैध हट को भी तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले एक महीने में अवैध खनन करके ग्राम पंचायत की भूमि से ग्रेवल उठाया गया है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ है। हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्यमंत्री संदीप सिंह ने एसडीएम कालका गांव खेड़ावाली और कर्णपुर में ग्रामीणों की उपस्थिति में अवैध खनन वाली भूमि की निशानदेही करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में छह माइनिंग जोन में निर्धारित गहराई से अधिक खनन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई ऐसा करता है तो इसकी रिपोर्ट उन्हें दी जाए।
अवैध कब्जा हटाया जाए
इस बैठक में सेक्टर-7 निवासी सतीश गर्ग और संदीप सभ्रवाल की ओर से गांव महेशपुर सेक्टर-21 में अवैध कब्जे की शिकायत पर खेल मंत्री ने कहा कि नगर निगम की ओर से विवादित स्थल पर स्थायी निर्माण की निशानदेही का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। इस मामले में 408 के तहत कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर अवैध कब्जा हटाया जाए। उन्होंने ब्लॉक रायपुररानी में डेंचा बीज वितरण में अनियमितताएं बरतने के मामलों की जांच एसीपी कालका को सौंपने के निर्देश दिए। डेंचा बीज वितरण में अनियमितताएं एक संगीन मामला है और इसमें संलिप्त अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ उनसे वित्तीय नुकसान की भरपाई भी की जाए।
35 स्क्रीनिंग प्लांट को दिया नोटिस
गांव टिब्बी माजरा और बडोना खुर्द के निवासियों की ओर से क्रशरों का पानी डांगरी नदी में गिराने की शिकायत पर खेलमंत्री संदीप सिंह ने ऐसे क्रशर मालिकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्हें शिकायतकर्ता ने बताया कि स्क्रीनिंग प्लांट के कीचड़ के पानी की निकासी नदी में होने के कारण लोगों का नदी पार करना काफी मुश्किल हो गया है। नदी के उस पार जाने के लिए 8 से 10 किलोमीटर घूम कर जाना पड़ता है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी वीरेंद्र पूनिया ने बताया कि रायपुररानी में 35 स्क्रीनिंग प्लांट हैं। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें से सरकार के दिशा निर्देशों की अवहेलना करने पर दो स्क्रीनिंग प्लांट बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा गांव से होकर गुजरने वाली खनन के वाहनों को ढककर ले जाने के निर्देश दिए ताकि गांव और आसपास प्रदूषण न हो। ऐसा न करने पर आरटीए को ऐसे वाहनों के चालान करने को कहा गया। सेक्टर-16 में बारिश का पानी जमा होने की समस्या के समाधान में लिए नगर निगम की ओर से 40.54 लाख रुपये की लागत का वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है और बारिश शुरू होने से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने निर्देश दिए कि विभागों की ओर से लंबित मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें तय समय सीमा में निपटाया जाए, जिससे पीड़ित पक्ष को जल्द से जल्द न्याय दिलवाया जा सके।