मोरनी। जूस, आइसक्रीम और एनर्जी ड्रिंक के नाम पर अधिक कीमतें वसूले जाने की खबर रविवार को अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद संज्ञान लेते हुए कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने रविवार को टिक्करताल के दौरे के दौरान जूस काॅर्नर पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि वह एमआरपी से अधिक दर पर कोई भी उत्पाद न बेचे और सभी उत्पादों की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से डिस्प्ले करें।
विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भविष्य में शिकायत सामने आती है तो मुख्यमंत्री से सीधे कार्रवाई करवाने में देर नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि मोरनी के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या बढ़ाने का सरकार पुरजोर प्रयास कर रही है। ऐसे में सरकार की योजनाओं को विफल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने मौके पर मौजूद हरियाणा पर्यटन निगम के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि टिक्करताल क्षेत्र में और वेंडर उपलब्ध करवाए जाएं ताकि पर्यटकों को विकल्प मिल सकें।