पंचकूला। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर जिले के नागरिकों को कई तोहफे मिलेंगे। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों के साथ-साथ अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। समारोह में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल मुख्यातिथि होंगे।
सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के संबंध में तैयारियों की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। पंचकूला पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए जिले की नाकाबंदी करने के साथ ही इंद्रधनुष ऑडिटोरियम के परिसर के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। समारोह के लिए सौ से ज्यादा पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही डीसीपी की ओर से जायजा भी लिया जा रहा है।
इस मौके पर पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, एसडीएम रिचा राठी, नगराधीश सिमनजीत कौर और जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
सुबह 8:58 पर होगा ध्वजारोहण
डीसी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देशभक्ति की भावना के साथ कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए मनाया जाएगा। 15 अगस्त को सुबह 8:58 पर ध्वजारोहण होगा और इसके बाद मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी। समारोह के दौरान नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 के माध्यम से कोविड वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर लोग टीकाकरण करवा सकते हैं। बारिश को देखते हुए इंद्रधनुष ऑडिटोरियम परिसर में उचित प्रबंध किए गए हैं।
इन टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट
फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल के दौरान परेड कमांडर एसीपी विजय नेहरा की अगुवाई में हरियाणा पुलिस, हरियाणा महिला पुलिस, हरियाणा गृह रक्षा, एनसीसी सीनियर डिवीजन राजकीय महाविद्यालय सेक्टर 1 पंचकूला, एनसीसी सीनियर विंग राजकीय महाविद्यालय सेक्टर 1 पंचकूला, एनसीसी जूनियर डिवीजन और एनसीसी जूनियर विंग की ओर से भव्य मार्च पास्ट किया गया।
छात्रों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
इसके अलावा सार्थक विद्यालय सेक्टर 12ए के विद्यार्थियों ने डंबल शो व राजकीय कन्या विद्यालय सेक्टर-15 की छात्राओं ने पीटी शो का प्रदर्शन किया। वहीं, सार्थक विद्यालय सेक्टर 12ए, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर 15, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-6 व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 19 के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।