पंचकूला। अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी अनिल भल्ला के घर से 24.60 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल और काफी मात्रा में ज्वेलरी बरामद की है। पुलिस ने अनिल भल्ला से पूछताछ करने के बाद अफीम सप्लाई करने वाले आरोपी के घर से 3.564 किलोग्राम अफीम भी बरामद किया है। पुलिस ने अफीम सप्लायर करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान निर्मल सिंह निवासी पिंजौर के रूप मेें हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है। वीरवार को एसीपी क्राइम अमन कुमार और एसीपी सुरेंद्र सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी है।
दोनों अधिकारियों ने बताया कि अवैध वसूली के मामले में कार्रवाई कर 30 मई को आरोपी अनिल भल्ला के परिजनों की गाड़ी से 4.63 करोड़ रुपये, ज्वेलरी, अफीम, दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 11 कारतूस बरामद हुए थे। इस बारे में पूछताछ के लिए आरोपी अनिल भल्ला और साहिल भल्ला को पुलिस जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों से लोगों के हस्ताक्षर किए स्टांप पेपर और बैंक के चेक भी बरामद हुए हैं। एसीपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल भल्ला के अकाउंटेंट की भी तलाश की जा रही है। अभी वह फरार है। अकाउंटेंट से कई और खुलासे हो सकते हैं।
पिंजौर निवासी से लाया था अफीम
आरोपी अनिल भल्ला के परिजनों की गाड़ी से 697 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। पूछताछ में आरोपी अनिल भल्ला और साहिल भल्ला ने बताया कि वह अफीम निर्मल सिंह गांव बसौला पिंजौर निवासी से खरीद कर लाया था। बुधवार को एसीपी क्राइम अमन कुमार ने तुरंत कार्रवाई कर अलग से एक टीम तैयार कर निर्मल सिंह के घर पर छापा मारा। आरोपी निर्मल सिंह से 3.564 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी निर्मल सिंह के खिलाफ पिंजौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बरामद अफीम की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह है मामला
सेक्टर-4 निवासी संजीव गर्ग ने सेक्टर-2 चौकी इंचार्ज गुरमेज सिंह, अनिल भल्ला, साहिल भल्ला, नरेंद्र खिलन के खिलाफ पंचकूला पुलिस को शिकायत दी थी कि उसे झूठे केस में फंसाकर और गिरफ्तारी का डर दिखाकर अवैध वसूली की गई है। इस मामले की जांच एसीपी द्वारा की गई थी। इसके बाद पुलिस ने चौकी इंचार्ज समेत चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद सिलसिलेवार खुलासे में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।