हरियाणा पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मंगलवार को शिष्?
- फोटो : b
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पुलिस अधिकारियों को तकनीक का सहारा लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि तकनीक का प्रयोग करते हुए अपराधियों का पता लगाकर उन्हें सजा दिलवाई जाए। दत्तात्रेय मंगलवार को राजभवन में उनसे शिष्टाचार भेंट करने आए नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने नए पुलिस महानिदेशक को शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग प्रदेश में महिलाओं व बच्चों, दलित व गरीब लोगों पर अपराध रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए। जिससे हरियाणा पूरी तरह अपराध मुक्त व नशा मुक्त प्रदेश हो। इसके साथ राज्य में कानून व्यवस्था और बेहतर करने के लिए हर प्रकार के अपराध पर शिकंजा कसना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर व नारकोटिक्स अपराध पर नई तकनीकों का प्रयोग कर ही अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में महिला सुरक्षा को मजबूत करना व नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के अपराधों का पता लगाने के लिए प्रभावी निगरानी व रोकथाम पर विशेष बल दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को महिलाओं बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर प्रभावी ढंग से काम किया जाएगा।
पुलिस और जनता के बीच मधुर संबंध बनाने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अग्रवाल ने कहा कि अपराध रोकने के मामले में बेहतरीन नतीजे देने का प्रयास करेेंगे। उन्होंने राज्यपाल दत्तात्रेय को आश्वासन दिलाया कि राज्य को अपराध मुक्त व नशा मुक्त बनाने में हर संभव प्रयास कर कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।