पंचकूला में खिलाड़ियों से मिले सीएम मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। पदक तालिका में हरियाणा आगे चल रहा है। खेलो इंडिया का मेजबान तो हरियाणा है, हमें पूरी उम्मीद है कि इसके चैंपियन भी हम ही होंगे। हमारे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री गुरुवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया की अलग-अलग प्रतियोगिताओं को देखने पहुंचे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 200 मीटर रेस के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने मलखंभ देखा और हैंडबाल के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनको बधाई दी।
खेलो इंडिया में पहली बार जोड़े पांच पारंपरिक खेल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह पहला मौका है, जब खेलो इंडिया में पांच पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इसमें मलखंभ, गतका, थांग-ता, योगासन और कलरीपायट्टु शामिल हैं। ऐसा देखने में आया है कि जो खेल जिस भी प्रांत से जुड़े हैं, उनके खिलाड़ी इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन धीरे-धीरे दूसरे प्रदेशों में भी इनकी प्रसिद्धि बढ़ रही है। जब हम इन परंपरागत खेलों को आगे बढ़ाने के लिए अवसर प्रदान करते हैं तो निश्चित रूप से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है।
दूसरे प्रांत भी खेलों में हरियाणा से लें प्रेरणा: गजेंद्र शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा ने खेल के क्षेत्र में एक आदर्श स्थापित किया है। इससे दूसरे प्रांत भी प्रेरणा ले। इस मौके पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह, खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह, निदेशक पंकज नैन, पंचकूला के जिला उपायुक्त महावीर कौशिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।