नोएडा के ध्यानार्थ
किसान अपनी फसल सुखा, साफ कर मंडियों में लाएं : दलाल
कहा, मिलेगा अच्छा भाव, धान बेचने में नहीं आएगी कोई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ। हरियाणा सरकार ने किसानों से शेड्यूल के मुताबिक धान को अच्छी तरह से सुखा कर, साफ-सफाई कर और नमी की मात्रा घटाकर ही मंडी में लाने की अपील की है।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि इससे उन्हें फसल का अच्छा भाव मिल सकेगा। किसानों को धान की फसल बेचने में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसलिए खरीद संबंधी सभी मापदंड एवं औपचारिकताओं का सही पालन करें। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मंडियों का निरीक्षण करने और परेशानियों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी किसान को धान खरीद कार्य में कोई भी परेशानी नही आने दी जाएगी।
दलाल ने बताया कि संबंधित जिला अधिकारियों के साथ समय-समय पर धान खरीद को लेकर समीक्षा बैठक कर निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सबसे पहला कार्य यही है कि धान खरीद कार्य समुचित तरीके से हो और किसानों को मंडियों में सभी पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। हर मंडी में बिजली, पीने का पानी, शौचालय आदि का उचित प्रबंध हो व किसानों को किसी प्रकार की कोई कमी महसूस न हो।
मंत्री ने बताया कि अनाज मंडियों में धान में नमी को सोखने व सफाई के लिए इलेक्ट्रिक झरने भी उपलब्ध लगवाए गए हैं। कई जिलों में इस बार धान की धान खरीद की अधिक संभावना है। इसके लिए अनाज मंडी के मुख्य व निकासी द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। आढ़तियों के पास तिरपाल, बारदाना आदि आवश्यक सामान उपलब्ध हो ताकि बरसात के समय में किसानों की धान को कोई नुकसान न पहुंचे। मंडियों में खरीद से संबंधित रिकॉर्ड पूर्ण रूप से तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं।