पंचकूला। स्टाफ नर्स पर जानलेवा हमला होने के बाद शहर में ऑटो के सफर पर सवालिया निशान उठने शुरू हो गए हैं। पहले भी ऑटो में महिलाओं और युवतियों से अभद्रता, लूट के अलावा रात में सवारियों से ऑटो संचालकों द्वारा लूटपाट के वारदात के बाद लोगों का कहना है कि ऑटो का सफर महिलाओं और युवतियों के लिए सुरक्षित नहीं है। खासतौर पर रात को सफर करना किसी के लिए भी सुरक्षित नहीं है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में शहर में बिना ड्राइवर की वेरिफिकेशन के ऑटो दौड़ रहे हैं। इस तरह के हालात में ऑटो का सफर करने वाली महिलाओं में डर बना हुआ है। शहर में 4000 ऑटो का रजिस्ट्रेशन हुआ है, जबकि चलने वाले ऑटो की संख्या कहीं अधिक है। पंचकूला रोड एंड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) की तरफ से नियमित चेकिंग के बाद भी नियमों की वायलेशन कर ऑटो चालक ऑटो चला हैं। इसमें पंचकूला से जीरकपुर, चंडीगढ़ और कालका-पिंजौर की तरफ जाने वाले ऑटो ओवरलोड चलाए जा रहे हैं। इसमें लिखी अधिकतर गाइड लाइन भी नहीं है।
प्रदूषण भी फैल रहा है
डीजल और पेट्रोल वाले ऑटो निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी चलाए जा रहे हैं। इससे ध्वनि और वायु प्रदूषण फैल रहा है। इसके बाद भी अभी तक पुराने ऑटो चलाने पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। शहर के सेक्टर-7, 8, 10 चंडीगढ़ से लगती पंचकूला की सीमा, माजरी चौक सहित सभी जगह ओवरलोड ऑटो चलाए जा रहे हैं। बिना मीटर ऑटो चलाने के बाद भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ऑटो के सफर में डर लगता है।
ऑटो के सफर में महिलाएं और युवतियां दोनों सुरक्षित नहीं हैं। ऑटो में बैठने से पहले अपनी लोकेशन घर वालों को भेजनी चाहिए। रात के समय ऑटो से सफर नहीं करें नहीं तो लूट की वारदात हो सकती है। -संदीप कौर निवासी सेक्टर-8
ऑटो चालकों की वेरिफिकेशन होनी चाहिए
शहर में चलने वाले ऑटो चालकों की वेरिफिकेशन नहीं हो रही है। इस कारण बिना लाइसेंस के ऑटो चालक महिलाओं के साथ अपराध करने की हिम्मत कर रहे हैं। पुलिस की तरफ से वेरिफिकेशन कर उन्हें सर्टिफिकेट इश्यू किया जाना चाहिए। - सोनाली निवासी सेक्टर-11
शहर में पुलिस गस्त बढ़नी चाहिए
रात के समय घग्गर पार क्षेत्र के सेक्टरों में पुलिस की गस्त बढ़ाई जानी चाहिए। वहां पर आए दिन चोरी और लूट की वारदात हो रही है। इस तरह के हालात में लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। पुलिस की तरफ से सभी वाहनों को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखना चाहिए। - प्रेरणा निवासी सेक्टर -10
ऑटो का सफर करने से पहले हों जागरूक
महिलाओं और युवतियों को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी होनी चाहिए। अगर वे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करेंगी तो लोकेशन ट्रेस कर पुलिस इस तरह की दुर्घटना को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर पाएगी। दुर्गा शक्ति, डायल 112 और 100 सहित अन्य हेल्पलाइन का ज्ञान सभी को होना चाहिए। - रेणु माथुर, ग्रीफ काउंसलर निवासी सेक्टर-9
कोट ---
पुलिस की तरफ से लगातार चालान काटा जा रहा है। किसी भी ऑटो चालक के कागज पूरे नहीं होंगे तो ऑटो को जब्त कर दिया जाएगा। पुलिस की तरफ से लगातार चेकिंग की जा रही है। - रमेश गुलिया, एसीपी ट्रैफिक, पंचकूला