रायपुररानी। कोविड नियमों के अनुसार लंगी पाबंदियां के दौरान क्षेत्र में बंद की गई बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर क्षेत्र के गांव जासपुर, टोडा, नटवाल, ककराली, फतेहगढ़, जटवाड के ग्रामीणों की ओर से रोडवेज विभाग को ज्ञापन सौंपकर तुरंत समस्या का समाधान करने की मांग की।
किसान नेता बहादर सिंह ककराली के नेतृत्व में एकत्रित हुए स्टूडेंट्स अनीता शर्मा, पिंकी, शिवानी, जतिन धीमान, ललिता, धीरज, मोहित, सुनील कुमार सहित कई नौकरीपेशा ने सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंप बस सेवा बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि स्टूडेंट्स को अपने गांव से स्कूल तक पहुंचने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, गांव में आने वाले रिश्तेदार व सामान आदि लाने में भी असुविधा है। किसान नेता बहादुर सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के जीएम ने गांव जटवाड से चंडीगढ़ बस सेवा के तुरंत प्रभाव से आदेश देते हुए जल्द ही बाकी रूट पर भी बस सेवा बहाल करने का आश्वासन दिया।