पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर 17 स्थित अपने आवास पर सोमवार को जनता दरबार लगाकर करीब 60 लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकतर समस्याओं का अधिकारियों से चर्चा कर समाधान करवाया। बरवाला मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, मार्केट कमेटी पंचकूला के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, देसराज पोसवाल, रवि भूषण टिब्बा, मीनू खटौली, कृष्ण टोका के प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से बरवाला खंड में आईटीआई स्थापित करने की मांग की।
विस अध्यक्ष ने जल्द ही उनकी मांग को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। बरवाला मंडल अध्यक्ष गौतम राणा और मनोनीत पार्षद सतबीर ने शहर में वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य में देरी को लेकर विधानसभा अध्यक्ष से जल्द ही इस कार्य को पूरा करवाने की मांग की। इसको विधानसभा अध्यक्ष ने जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सतीश शर्मा, ओम प्रकाश और बिट्टू खंगेसरा के नेतृत्व में भारतीय मजदूर संघ के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी को बधाई दी और कहा कि उन्हें आशा है कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने क्षेत्र में मेहनत और लगन से कार्य करेंगे।
पंचकूला सेक्टर 8 व 9 के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष सेक्टरों में स्टील्ट पार्किंग के निर्माण की वजह से रिहायशी मकानों में आई दरारों और अन्य नुकसान का मुद्दा उठाया और मुआवजे की मांग की। उन्होंने विस अध्यक्ष ने अनुरोध किया कि जब तक उनके नुकसान की भरपाई नहीं हो जाती तब तक उन लोगों को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट जारी न किए जाएं, जिन्होंने स्टिल्ट पार्किंग का निर्माण किया है। उन्होंने बताया कि स्टिल्ट पार्किंग की वजह से लोगों में डर का माहौल है। कुछ लोग अपने मकानों को सस्ते दाम पर बेच कर दूसरी जगह रहने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने गुप्ता को अवगत करवाया कि इसके लिए वे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक को भी पत्र लिख चुके हैं। इस पर ज्ञानचंद गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।