बरवाला। खंड के गांव बतौड़ में बरवाला मौली मार्ग के साथ बन रहे नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बेड का अस्पताल बनाने की मांग को लेकर वर्तमान सरपंच लक्ष्मण बतौड़, भगवानपुर के सरपंच जितेंद्र सैनी, समाजसेवी अमित शर्मा रिहौड़, अशोक शर्मा खटोली, गौतम राणा खटोली, मेनपाल, कैप्टन सतपाल सिंह, बलबीर सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि हमारे इलाके में कोई भी बड़ा अस्पताल आज तक किसी भी सरकार ने नहीं बनाया।
लोगों को प्राइवेट अस्पतालों में लुटना पड़ रहा है। 25 से 30 किलोमीटर पंचकूला सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 जाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को इतनी दूर पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं अस्पताल दूर होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं के बाद अस्पताल दूर होने की वजह से मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। इससे यहां पर लंबे समय से क्षेत्र के लोग 50 बेड का अस्पताल बनवाने की मांग करते आ रहे हैं। निवर्तमान सरपंच लक्ष्मण दास ने कहा कि ग्राम पंचायत बतौड़ द्वारा क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को देखकर अस्पताल निर्माण के लिए चार एकड़ भूमि बरवाला मौली मेन मार्ग पर दी गई है।
इससे 50 बेड का अस्पताल बनाने में कोई परेशानी नहीं आ सकती। सरकार द्वारा बनाई गई सर्वे टीम ने भी कह दिया है कि बतौड़ में 50 बेड का अस्पताल बन सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित समस्या को जायज मानकर शीघ्र ही 50 बेड का अस्पताल बतौड़ में बनाने का आश्वासन दिया है।