केनरा बैंक से धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने वीरवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि बुधवार को उद्योगपति एनडी पराशर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
सेक्टर-14 थाना पुलिस ने दिसंबर 2015 में सेक्टर-16 स्थित केनरा बैंक के चीफ मैनेजर अशोक कुमार शर्मा की शिकायत पर एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पिछले तीन माह से इस मामले में जांच जारी थी।
इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को उद्योगपति एनडी पाराशर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वीरवार को एमसी पाराशर को भी गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि थाना सेक्टर-14 के एसएचओ सुखबीर सिंह ने की है।
एसएचओ के मुताबिक उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ बैंक ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि आरोपियों ने एक निजी कंपनी बनाकर केनरा बैंक से दो करोड़ रुपये का लोन लिया था। बाद में जांच के दौरान कंपनी का फर्जीवाड़ा सामने आया था।
बैंक प्रबंधन के आलाधिकारियों ने इस मामले की शिकायत पंचकूला के डीसीपी अनिल कुमार धवन से की थी। धवन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-14 थाना पुलिस ने एनडी पाराशर, दीपक पाराशर और इनके परिवार की सदस्य सुनीता के खिलाफ केस दर्ज कर किया था। पुलिस पांच दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी। बता दें कि अब ये मामला एक करोड़ 13 लाख रुपये का है।
आरोपियों को ये राशि व्याज सहित बैंक को वापस करनी है, जबकि इसके अतिरिक्त 87 लाख रुपये की राशि इनके खातों में सीज है। अगले दिनों में पुलिस इस मामले में अन्य दो लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है।