चंडीगढ़। सेक्टर-44 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास तीन लुटेरे युवक को थप्पड़ मारकर मोबाइल और नगदी छीनकर फरार हो गए। पुलिस की मुस्तैदी से एक आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सेक्टर-45 निवासी अरुण कुमार (26) के रूप में हुई है। आरोपी को रविवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है कि मामले में कुछ और खुलासा हो सके।
वारदात बीते शनिवार देर रात की है। पुलिस को दी शिकायत में श्याम सुंदर (29) ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी में रहता है। वह सेक्टर-44डी स्थित गुरु नानक स्वीट शॉप में काम करता है। रात करीब 11.45 बजे वह सेक्टर-44 में रिश्तेदार से मिलकर लौट रहा था। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास पहुंचा तो तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान दो लुटेरों ने उसे पकड़ लिया और तीसरे ने थप्पड़ मारकर उसके जेब से मोबाइल, आधार कार्ड व 220 रुपये नगदी ले ली और फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद थाना प्रभारी बलदेव कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम एरिया में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के छापेमारी की जा रही है।