दस ग्राम हेरोइन और नशीले इंजेक्शन के साथ महिला गिरफ्तार
चंडीगढ़। सारंगपुर थाना पुलिस ने एक महिला को 10 ग्राम हेरोइन और 6 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान धनास निवासी शकीला (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सारंगपुर थाना प्रभारी रामरतन शर्मा ने पुलिस टीम के साथ धनास मार्केट में नाका लगा रखा था। आरोपी महिला ने पुलिस देखते ही रास्ता बदल लिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर जब तलाशी ली तो 10 ग्राम हेरोइन और 6 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक इंजेक्शन करीब 500 रुपये और एक ग्राम हेरोइन 5 हजार रुपये में सप्लाई करती थी। पुलिस अब उन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, जहां से आरोपी महिला नशा खरीदकर लाती थी।