पंचकूला। पिंजौर पुलिस ने 1.50 लाख रुपये गाड़ी से चोरी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलीप कुमार उर्फ दीपक वासी घाटीवाला के रूप में हुई है। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर भेजा है। जानकारी के अनुसार योगेश शर्मा वासी गांव धलुत जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश ने शिकायत दर्ज करवाई कि सेब लोड करने के लिए किन्नौर हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी में अपना ट्रक लगाया।
12 सितंबर को गाड़ी मालिक योगेश शर्मा ने पिंजौर सब्जी मंडी में गाड़ी खाली की। इस दौरान उन्हें किराए का 1.20 लाख रुपये मिला। इसके बाद उन्होंने पिंजौर से हिसार फलों की ढुलाई की। वहां पर उन्हें 90 हजार रुपये किराए के मिले। ड्राइवर सौरव और गाड़ी मालिक योगेश शर्मा शिमला-हाईवे टिपरा पिंजौर बाईपास पर गाड़ी खड़ी करके सो गए। जब योगेश शर्मा उठे तो सौरव तंवर गाड़ी से 1.50 लाख रुपये चोरी करके भाग चुका था। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद उसे नहीं खोज पाया तो उन्होंने पिंजौर पुलिस को शिकायत दी।