पंचकूला। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित पेट्रोल पंप से वरना कार में 32.51 लीटर पेट्रोल भरवाकर चालक फरार हो गया। 3210 रुपये का भुगतान किए बगैर पेट्रोल भरवाकर भागने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। श्री गुरु सुदर्शन पेट्रोल पंप के मालिक संजय गर्ग ने बताया कि मामला रात 12:25 बजे की है। सफेद रंग की वरना कार के चालक ने टंकी फुल करने को कहा। टंकी फुल होते ही चालक कार लेकर फरार हो गया। कार का कर्मचारी ने पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। पुलिस का कहना है कि उनके पास शिकायत आई है। मामले की जांच कर रहे हैं।
श्री गुरु सुदर्शन पेट्रोल के मालिक संजय गर्ग ने बताया कि वरना कार में दो युवक सवार थे। उन्होंने मुंह पर मास्क लगा रखा था। 32. 51 लीटर पेट्रोल की कीमत 3210 रुपये बनती है। वरना कार की रूफ यानी कि छत सनरूफ है, सीसीटीवी कैमरे में देखने से लग रहा है कि गाड़ी का नंबर भी टेंपरेरी है। इस मामले की शिकायत पंचकूला सेक्टर-20 थाने में दी गई है। उन्होंने पंचकूला पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जल्द ही इस कार और कार सवारों का पता लगाकर उन पर उचित कार्रवाई करें, देर रात पेट्रोल भरवाने के बाद बिना पेमेंट दिए यह फरार हुए हैं। यह पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों के साथ धोखा है।
श्री गुरु पेट्रोल पंप के मालिक संजय गर्ग की शिकायत मिली है। कार सवार पेट्रोल भरवाकर रात को फरार हो गए हैं। इसकी जांच की जा रही है। देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-20