पंचकूला। एंक्रोचमेंट के खिलाफ नगर निगम की ओर से शुरू की गई मास ड्राइव लगातार जारी है। नगर निगम की एंटी एनक्रोचमेंट टीम अतिक्रमण करने वालों पर नजर बनाए हुए है। इसी के साथ ही लगातार शहर से अतिक्रमण हटाने का काम कर रही है। बुधवार को एक बार फिर नगर निगम की टीम ने शहर के सेक्टर - 7, 9, 16, 20, 19 में मास ड्राइव चलाई। इस दौरान 11 रेहड़ियों को जब्त किया और कुल 6 चालान काटे।
उप नगर निगम आयुक्त अमन ढांडा और दीपक सुरा ने कहा कि पंचकूला में विभिन्न सेक्टरों में मास ड्राइव की गई। इसमें अवैध कब्जा करने वाले 4 लोगों के 1-1 हजार रुपये के चालान काटे गए और एक व्यक्ति का 5 हजार रुपये का चालान व एक अन्य व्यक्ति का 2500 रुपये का चालान किया गया। मास ड्राइव पंचकूला के सेक्टर -19 में भी चलाई गई और सेक्टर 19 में मंदिर के आगे से अतिक्रमण हटाया गया। उन्होंने बताया कि सेक्टर- 7 से एक रेहड़ी, सेक्टर- 16 से 6 रेहड़ी, सेक्टर 9 से 1 रेहड़ी, सेक्टर 20 से 3 रेहड़ी को जब्त किया गया। सेक्टर 20 में मास ड्राइव के दौरान नगर निगम के वाहन के नीचे लेट कर वाहन को रोकने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति द्वारा माफी मांगने पर उसे भविष्य के लिए चेतावनी छोड़ दिया गया है।
जल्द अतिक्रमण मुक्त होगा पंचकूला
निगम आयुक्त ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही आने वाले दिनों में पंचकूला अतिक्रमण मुक्त होगा और शहर में कहीं पर भी रेहड़ी लगी हुई नहीं दिखेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण ना करें और अपनी रेहड़ी लगाने वाले अपनी रेहड़ी को एक जगह पर खड़े ना करें और चलते फिरते ही अपने सामान को बेचें ताकि अतिक्रमण पर लगाम लगाई जा सके। इस मौके पर नगर निगम के उप नगर निगम आयुक्त अमन ढांडा, उप नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा, ईओ कुलदीप मलिक व नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।