चंडीगढ़। पंजाब में शनिवार को कोरोना से तीन जिलों में तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया, जबकि संक्रमण के 192 नए मामले आए हैं। राज्य में अब तक 17662 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि राज्य की संक्रमण दर 1 प्रतिशत से नीचे पहुंच गई है। 24 घंटे में 0.76 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है।
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बठिंडा, लुधियाना और संगरूर में 1 -1 मरीज की मौत हुई है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कोरोना के 113 मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। 42 की हालत खराब होने पर क्रिटिकल केयर यूनिट थ्री में रखा गया है। 16 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।