पंचकूला। कोरोना का संक्रमण जिले में धीरे-धीरे कम होने लगा है। शुक्रवार को संक्रमण दर 4.50 फीसदी दर्ज किया गया। इसके अलावा रिकवरी दर 98.50 फीसदी रही। स्वास्थ्य विभाग ने 1162 मरीजों के सैंपल जांच के लिए लिए थे। इसमें से 59 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें 27 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल हैं। सात मरीज दूसरे जिलों और प्रदेशों के चिह्नित किए गए। इसी के साथ जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों का आंकड़ा 245 पहुंच गया है। इसमें से 223 मरीजों को होमआइसोलेटेड और 22 को अस्पतालों में दाखिल किया गया है। अब तक जिले में कुल 57634 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसमें से पंचकूला के 43746 मरीज हैं। वहीं अब तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 410 है। विदेश से पंचकूला आने वाले 3479 यात्रियों को ट्रेस किया गया है। इसमें से 18 मरीजों की जांच जारी है।
23 दिन में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 245 पहुंचा
कोरोना सक्रिय मरीजों के आंकड़ों में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पंचकूला में 17 जनवरी को सबसे अधिक 2891 सक्रिय मामले आए थे, जो 9 फरवरी को घटकर 245 रह गए हैं। इसी प्रकार पॉजिटिविटी रेट जोकि 10 जनवरी को 42 फीसदी था, वह घटकर 5.90 फीसदी रह गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंचकूला में संचालित कोविड केयर सेंटरों में कोई भी मरीज दाखिल नहीं है, जबकि जिले के सरकारी व निजी अस्पतालों में केवल 22 मरीज ही उपचाराधीन है।
15 से 18 आयुवर्ग के 73 फीसदी किशोरों को लगा टीका
पंचकूला के उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कोविड वैक्सीन की 115 फीसदी पहली और 105 फीसदी दूसरी डोज लगाई जा चुकी हैं। इसी प्रकार 15 से 18 आयु वर्ग में 73 फीसदी पहली डोज और 19 फीसदी दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। उपायुक्त ने बताया कि महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा अवधि के दौरान मॉल और मार्केट को सायं सात बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है, जबकि आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई वाली दूध और दवा की दुकानें पहले ही तरह पूरे समय खुली रहेंगी। 100 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित करने से पहले जिला प्रशासन की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है।