हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : संवाद
हरियाणा पुलिस के सरकारी वाहन और टिप्पर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो पुलिस जवान घायल हुए हैं। दोनों घायलों का इलाज पंचकूला के सिविल अस्पताल में चल रहा है। हादसे का बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसा मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब रायपुररानी के पंजोखरा थाना क्षेत्र स्थित जटवाड़- फतहेपुर के पास हुआ।
अंबाला सेंट्रल जेल में हवालातियों को छोड़कर वापस पंचकूला लौट रही गाड़ी और टिप्पर के बीच टक्कर हो गई। हादसा तब हुआ जब पुलिस की गाड़ी एक टिप्पर को ओवरटेक कर रही थी। तभी सामने से आए टिप्पर और पुलिस गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में दो पुलिस वाहन चालक रोहित कोचर और हेड कांस्टेबल गनमैन जसविंदर सिंह घायल हो गए। उन्हें रायपुरानी के सीएचसी ले जाया गया, जहां से रोहित के सिर और जसविंद्र को दोनों टांगों और बाजुओं में लगी गहरी चोट के चलते पंचकूला के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घायल हेड कांस्टेबल गनमैन जसविंदर ने बताया कि उनकी ड्यूटी पंचकूला पुलिस लाइन में हवालाती व कैदियों को कोर्ट में पेश करने व वापस छोड़नी की है। मंगलवार को वे सेंट्रल जेल अंबाला से ही दो कैदियों को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल से दवाई दिलवाने में बाद उन्हें जेल छोड़ कर वापस पंचकूला पुलिस लाइन लौट रहे थे। इस दौरान पंजोखरा थाना क्षेत्र स्थित जटवाड़- फतहेपुर के पास अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पंजोखरा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल पुलिस जवानों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।