चंडीगढ़। राज्य सरकार की सिफारिश पर पंजाब के राज्यपाल ने सब-इंस्पेक्टर जसवीर सिंह, जिन्होंने मालेरकोटला में दुकान के ऊपर स्थित एक घर में आग लगने के बाद वहां रहने वाले परिवार को बचाने में असाधारण वीरता दिखाई थी, को मुख्यमंत्री रक्षक पदक पुरस्कार देने का एलान किया है।
एसआई जसवीर सिंह इस समय एसएचओ सिटी-2 मालेरकोटला में तैनात हैं। पंजाब के राज्यपाल ने एआईजी (एसटीएफ लुधियाना रेंज) स्नेहदीप शर्मा, डीसीपी (जालंधर) गुरमीत सिंह, एडीसीपी-4 (लुधियाना) रुपिंदर कौर सरां, एडीसीपी (जांच लुधियाना) रुपिंदर कौर भट्टी, डीएसपी (डिटेक्टिव) मोगा जंगजीत सिंह और डीएसपी (डिटेक्टिव अमृतसर ग्रामीण) गुरिंदरपाल सिंह समेत 15 अधिकारियों/कर्मचारियों के नामों का भी एलान किया, जिन्हें ड्यूटी के प्रति समर्पण के लिए मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा।
ड्यूटी के प्रति समर्पण के लिए मुख्यमंत्री पदक के लिए चुने गए शेष अधिकारियों में इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह, इंस्पेक्टर सुरिंदर कौर, इंस्पेक्टर बिठल हरी, एसआई लखबीर सिंह, एएसआई कंवलजीत सिंह, एएसआई अमनदीप सिंह, एएसआई जगदीप सिंह, कांस्टेबल जगजीत सिंह और कांस्टेबल दलजीत कुमार शामिल हैं।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और पंजाब पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी की सेवा को मान्यता देने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यताएं पुलिस फोर्स को और समर्पण और निष्ठा से काम करने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।