चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 29 अगस्त से शुरू होने वाले ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ के तीसरे संस्करण के लिए आज टी-शर्ट और लोगो लॉन्च कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस की याद में 29 अगस्त को यह विशाल खेल प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। दो महीने से अधिक समय तक चलने वाले इस खेल महोत्सव की शुरुआत संगरूर के वाॅर हीरो स्टेडियम से होगी। पहली बार ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ में पैरा खेलों में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और पावरलिफ्टिंग को भी शामिल किया गया है। इन तीन श्रेणियों में पंजाब के पैरा एथलीट पेरिस पैरालंपिक में भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह बहुत ही सम्मान और संतोष की बात है कि इस बार 37 खेलों की नौ आयु वर्गों में लगभग पांच लाख खिलाड़ी पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। विजेताओं को 9 करोड़ रुपये से अधिक के नकद इनाम वितरित किए जाएंगे।इस बड़े खेल आयोजन का उद्देश्य युवाओं की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ना है, ताकि उन्हें नशे की लत से दूर रखा जा सके।
15 से 22 सितंबर तक होंगे जिला स्तरीय मुकाबले :
इन खेलों के दौरान ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 1 से 10 सितंबर तक, जिला स्तरीय मुकाबले 15 से 22 सितंबर तक और राज्य स्तरीय मुकाबले 11 अक्टूबर से 9 नवंबर तक कराए जाएंगे। ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ का दूसरा सीजन वर्ष 2023 में हुआ था, जिसमें 4.5 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था और 12,500 विजेता खिलाड़ियों को 8.87 करोड़ रुपये के इनाम वितरित किए गए थे।