पीयू के वीसी प्रो. राजकुमार को ट्रॉफी सौंपते राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद।
- फोटो : फाइल
पंजाब यूनिवर्सिटी ने लगातार तीसरे साल भी इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में शीर्ष प्रदर्शन करते हुए मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी पर कब्जा किया है। यह ट्रॉफी शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीयू वीसी प्रो. राज कुमार व खेल निदेशक प्रो. प्रशांत गौतम को सौंपी। राष्ट्रपति ने इसके लिए पूरी टीम व खिलाड़ियों को बधाई दी और आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने को कहा।
पीयू वीसी प्रो. राज कुमार ने कहा कि यह वास्तव में पीयू के खिलाड़ियों, कोचों और खेल निदेशालय के अधिकारियों के लिए खेल में सम्मान लाने के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने पूरी पीयू बिरादरी को बधाई दी। खेल निदेशक एवं यूआईएचटीएम के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. प्रशांत गौतम ने बताया कि 16वीं बार माका ट्रॉफी प्राप्त करना और दो बार हैट्रिक बनाना पीयू के लिए बड़े सम्मान की बात है।
उन्होंने कोचों और खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पीयू खेल विभाग आगे भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा। खिलाड़ियों को इस तरह तैयार किया जाएगा ताकि उनके सपने पूरे हो सकें। खेल से लेकर नौकरी तक के बंदोबस्त करने की तैयारी चल रही है। खिलाड़ियों को अभाव में नहीं रहने दिया जाएगा। माका ट्रॉफी ग्रहण करने के दौरान पीयू खेल समिति की अध्यक्ष डॉ. नीना सेठ पाजनी, डॉ. राकेश मलिक, उप निदेशक, खेल विभाग मौजूद रहे।