चंडीगढ़। एनएचएम कर्मचारी आउटसोर्स के मानकों का पालन करने के लिए प्रशासन की ओर से बनाए जा रहे दबाव के विरोध में वीरवार और शुक्रवार को हड़ताल पर रहेंगे।
जीएमएसएच-16 समेत शहर के अन्य सिविल अस्पताल व स्वास्थ्य केन्द्रों में तैनात एनएचएम कर्मचारी सुबह 9 से अपराह्न 3 बजे तक काम नहीं करेंगे। इस दौरान सभी जीएमएसएच-16 में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन भी करेंगे। एनएचएम कर्मचारी संघ के महासचिव अमित कुमार का कहना है कि एक बार फिर न्याय के नाम पर धोखा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में बुधवार को स्वास्थ्य निदेशक के साथ वार्ता बेनतीजा रही। वे डीसी रेट पर वेतन भुगतान के साथ मानकों को भी लागू करने की बात कर रही हैं, जबकि इससे आउटसोर्स को बढ़ावा मिलेगा, जो पूरी तरह गलत है। ऐसे में कर्मचारियों ने दो दिन का अल्टीमेटम देकर हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।
अगर इस दौरान कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। बता दें कि डीसी रेट पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने पूर्व में 12 दिनों की हड़ताल की थी, जिसके बाद प्रशासन ने उनकी मांग स्वीकार किया था।
बॉक्स
ये है विवाद का कारण
एनएचएम कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मंगलवार की शाम ऑप्शन फार्म दिया गया है, जिसमें उन्हें डीसी रेट के बराबर वेतन लेने के लिए आउटसोर्सिंग के सभी कानून मानने को कहा गया है। इसके अनुसार उनके ड्यूटी के घंटों में बढ़ोतरी के साथ अवकाश में कटौती का नियम लागू किया जाएगा। यह आदेश मिलने पर एनएचएम कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए इसे तुगलकी फरमान बताया है।