चंडीगढ़। पांच करोड़ की धोखाधड़ी में गिरफ्तार फाइनेंसर रामलाल चौधरी से एसआईटी ने शनिवार को कई घंटे पूछताछ की। एसआईटी के सामने रामलाल एक के बाद एक खुलासा कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि एसआईटी जल्द बड़ा खुलासा कर सकती है। पुलिस रामलाल को लेकर जल्द दिल्ली जाएगी, जहां एक फ्लैट से उसका मोबाइल बरामद करना है। इस मोबाइल में रामलाल के कई राज छिपे हैं।
10 चेक दाताओं से पूछताछ, 50 को बुलाया
पुलिस को रामलाल चौधरी से 50 भरे समेत 538 चेक बरामद हुए थे। पुलिस इन लोगों को धीरे-धीरे पूछताछ के लिए बुला रही है। शनिवार को एसआईटी ने 10 चेक दाताओं से पूछताछ की। वहीं, 50 और चेक दाताओं को पूछताछ केलिए बुलाया है। एसआईटी ने इन सभी को नोटिस जारी किया है। इन लोगों ने रामलाल को ब्लैंक चेक दिए थे।
6 करोड़ रुपये के मामले में जांच होनी बाकी
एसआईटी अभी रामलाल से 5 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ कर रही है। यह रिमांड और इस केस की जांच खत्म होने के बाद पुलिस 6 करोड़ की धोखाधड़ी में पूछताछ करेेगी। इसकेलिए एसआईटी अदालत से रिमांड की मांग करेगी।