चंडीगढ़। बैंक में रुपये जमा करवाने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले दो शातिरों को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों आरोपी लोगों को रुमाल में लपेटकर रखी गई कागज की गड्डी थमाकर फरार हो जाते थे। आरोपियों की पहचान पंचकूला के सकेतड़ी निवासी मोहम्मद रसूल (36) व प्रमोद दास (30) के रूप में हुई है।
मंगलवार को दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर पुलिस ने उनका एक-एक दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी मूलरूप से बिहार के जिला मोतिहारी के रहने वाले हैं। आरोपियों से नोट की गड्डी के जैसी कागज की दो गड्डियां भी बरामद हुई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने दो मामले सुलझा लिए हैं।
गौरतलब है कि नयागांव निवासी प्रेमलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 26 अगस्त को वह सेक्टर-16 स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 50 हजार रुपये जमा करवाने गए थे। बैंक के अंदर उन्हें दो युवक मिले, जो रुपये जमा कराने का झांसा देकर उनके 50 हजार रुपये ले उड़े। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने फरवरी 2020 में बुड़ैल स्थित पीएनबी के बाहर भी इसी तरह से महेश नाम के व्यक्ति से 29 हजार रुपये ठगे थे। इसके अलावा आरोपियों ने पिंजौर, जीरकपुर, मोहाली, बद्दी व पंचकूला में भी वारदातों को अंजाम दिया है।
भोले भाले लोगों को फंसाते थे जंजाल में
जांच में सामने आया कि आरोपी बैंकों में भोले-भाले लोगों को ढूंढते थे। दोनों यह देख लेते थे कि रुपये जमा करवाने कौन आ रहा है और फार्म भरने का झांसा देकर दोनों उनसे रुपये लेकर रुमाल वाली गड्डी यह कहकर देते थे कि इसमें लाखों रुपये हैं और फिर दोनों फरार हो जाते थे। बाद में जब पीड़ित रुमाल वाली गड्डी खोलता था, तो उसमें नोटों की जगह कागज मिलते थे। बता दें कि इससे पहले भी इस तरह के कई गिरोह पकड़े जा चुके हैं।