चंडीगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने हाथ मिलाया है। अब आईआरसीटीसी की वेबसाइट से सिटको के होटल, सुखना लेक के क्रूज और खास बसों की बुकिंग की जा सकेगी।
योजना के अनुसार, सिटको शहर के पर्यटन स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने पर जोर देगा, जबकि आईआरसीटीसी यात्रा पैकेज पेश करके अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू पर्यटकों को चंडीगढ़ लेकर आएगा। दोनों पक्ष संयुक्त रूप से सहयोग के क्षेत्रों का पता लगाएंगे और इसके लिए विस्तृत योजना तैयार करेंगे। सिटको की प्रबंधन निदेशक जसविंदर कौर सिद्धू के अनुसार पर्यटन स्थल को बढ़ावा देने के व्यापक उद्देश्य के लिए दोनों पक्षों की ताकत और बुनियादी ढांचे का उपयोग करना, इस गठजोड़ के पीछे प्रमुख कारणों में से एक है। इसके अलावा वह वेब पोर्टल साझा करेंगे, जहां दोनों पक्षों की सेवाओं तक पहुंच और प्रचार किया जा सकता है। बताया कि आईआरसीटीसी यात्रियों के लिए सिटको व्यापक पैकेज बनाएगा।
पैकेज प्रचार के लिए तीनों संपत्तियों को आईआरसीटीसी पोर्टल्स (पर्यटन, रेलवे और हवाई पोर्टल) पर सूचीबद्ध किया जाएगा। इन टूर को आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऑनलाइन पोर्टल पर हाईलाइट किया जाएगा। यात्रियों को लुभाने के लिए पैकेज में अतिरिक्त विशेषताएं, जैसे होहो बस टूर सिटी, हॉप ऑन-हॉप ऑफ, डबल डेकर टूरिस्ट बस, सुखना लेक में क्रूज पैकेज आदि को बुक करने की भी सुविधा दी जाएगी।
आईआरसीटीसी के चेयरमैन और प्रबंधन निदेशक रजनी हसीजा के अनुसार, वह अपने ग्राहकों के लिए एक-दूसरे के उत्पादों और सेवाओं की मार्केटिंग करेंगे। इस प्रकार पर्यटकों और यात्रियों के लिए सेवाओं की श्रेणी में सुधार होगा। बताया कि साथ मिलकर कार्यक्रम करना, संयुक्त रूप से सम्मेलन करना भी एजेंडे में शामिल है।