चंडीगढ़ में 17 और 18 अक्तूबर को मौसम में बदलाव के साथ बारिश के आसार हैं। वहीं, 19 अक्तूबर को भी कुछ समय बादल छाए रहेंगे। शहर में पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान में गिरावट देखी जा रही है। शाम होते ही लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि दिन में धूप की वजह से मौसम गर्म रहता है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 17 अक्तूबर से बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित कम दबाव के क्षेत्र से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे हवा व गरज-चमक के साथ शहर में 17 अक्तूबर की रात और 18 अक्तूबर को हल्की बारिश हो सकती है। मानसून के लौटने के बाद शहर में यह पहली बारिश होगी। इससे तापमान में भी कमी आएगी।
यह भी पढ़ें - हरियाणा: 30 हजार रुपये तक की निजी नौकरियों में प्रदेश के युवाओं को 75 फीसदी आरक्षण, 50 हजार का स्लैब बदला
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से इस बार मानसून 8 अक्तूबर को लौट चुका है। मानसून इस बार शहर में 13 दिन पहले आया था और 13 दिन बाद लौटा। मौसम विभाग के अनुसार, औसतन 25 सितंबर को मानसून लौट जाता है लेकिन इस बार देरी हुई। सीजन में बारिश भी काफी कम हुई है। इस साल जून में 8, जुलाई में 48 और अगस्त में 44 फीसदी औसत से कम बारिश हुई, जबकि सितंबर महीने में ज्यादा बारिश दर्ज की गई। बीते पांच वर्षों के मुकाबले इस साल मानसून सबसे कमजोर रहा।
आने वाले दिनों में संभावित तापमान
अधिकतम न्यूनतम
16 अक्तूबर 34 21
17 अक्तूबर 25 22
18 अक्तूबर 24 20
19 अक्तूबर 28 20
20 अक्तूबर 30 19
बदलते मौसम में बरतें सावधानी
बदलते मौसम के चलते डेंगू और वायरल के मामले बढ़ रहे हैं। डेंगू के मामले 350 से पार हो चुके हैं, जबकि वायरल के मरीजों की सरकारी और निजी अस्पतालों में भीड़ लगी हुई है। डॉक्टरों का मानना है कि ये मौसम इन बीमारियों के लिए अनुकूल है, इसलिए लोगों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बदलते मौसम के अनुसार खान पान रखें, आसपास पानी जमा न होने दें।