चंडीगढ़। गैंगस्टर सुक्खा काहलवां पर आधारित फिल्म शूटर के पंजाब में प्रदर्शन पर पंजाब सरकार द्वारा 12 जुलाई को लगाई गई पाबंदी को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को 17 सितंबर के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।
फिल्म के निर्माता केवल सिंह द्वारा एडवोकेट विजय पाल के जरिए याचिका दाखिल करते हुए 12 जुलाई के आदेशों को रद्द करने की मांग की है। राज्य सरकार का कहना है यह फिल्म गैंगस्टर सुक्खा काहलवां ने जीवन पर आधारित है और इसके जरिये एक अपराधी को महिमामंडित किया जा रहा है। जबकि फिल्म निमार्ता का कहना है कि इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार इस फिल्म को मंजूरी दे चुकी है तो कैसे इस पर राज्य सरकार रोक लगा सकती है। हाईकोर्ट ने याचिका पर अब पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।