पंचकूला। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट ने सेक्टर-5 में मंगलवार को रक्तदान जागरुकता शिविर का आयोजन किया। इसमें 40 युवाओं ने दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान कर पुण्य कमाया। शिविर के आयोजन में अमर उजाला फाउंडेशन शिरड़ी साईं सेवा समाज एवं महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी, ब्लड बैंक पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट ने सहयोग किया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन शिरड़ी साईं सेवा समाज के अध्यक्ष अनिल थापर ने किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह इस नेक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लें। हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर, प्रवीण सिंगला और त्रिशक्ति सेवादल के प्रधान लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि आजकल अस्पतालों में रक्त की बहुत कमी है।
रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी जिंदगी की डोर रक्त की कमी से कमजोर पड़ जाती है। हमारी संस्था द्वारा लगभग हर रोज रक्तदान शिविर लगाकर इस कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाता है। इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के दीपक शर्मा, राजेंद्र कौशल, मुकेश बंसल, सतगुरु, एवन पोट्रेट्स के महेंद्र सिंह और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह और बैज देकर प्रोत्साहित किया गया।