चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार और संगठन 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाएंगे। इसके तहत पार्टी नेता, पदाधिकारी दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लोगों के बीच जाएंगे। उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। सरकार की योजनाओं की जानकारी व लाभ पहुंचाते हुए उन्हें पार्टी के साथ जोड़ना मुख्य लक्ष्य रहेगा।
भाजपा 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती व्यापक स्तर पर मनाएगी। कालका के गांव नवानगर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम गुरुग्राम में पार्टी के नए प्रांत स्तरीय कार्यालय गुरुकमल में रखा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को सामाजिक समरसता का मूलमंत्र देंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा तीन केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राव इंद्रजीत व कृष्णपाल गुर्जर कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। फरीदाबाद व गुरुग्राम जिलों के सरकार के मंत्रियों, सांसदों व विधायकों के साथ पार्टी जिलाध्यक्षों को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है। पार्टी को धरातल पर मजबूत करने के लिए ओमप्रकाश धनखड़ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का लक्ष्य वंचित, जरूरतमंद, दलित और पिछड़े वर्ग को गले लगाना है।
भाजपा के प्रांतीय प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार ने आयुष्मान योजना, आवास योजना, हर घर में नल से जल, किसान सम्मान निधि, मुफ्त टीकाकरण, स्वच्छ भारत मिशन, गरीब कल्याण अन्न योजना और पोषण अभियान चलाए हैं। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के बाद 15 को अनुसूचित जाति कल्याण दिवस मनाया जाएगा। 16 अप्रैल को असंगठित श्रमिक, 17 को वित्तीय समावेश गौरव दिवस, 18 को स्वच्छ भारत मिशन और 19 अप्रैल को पोषण अभियान चलेगा। 20 अप्रैल को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय पखवाड़े के अंतर्गत पार्टी की ओर से सभी जिलों में केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी संबंधित लोगों को प्रदान की जाएगी।