पंचकूला। कोरोना काल में संविदा पर रखे 43 कर्मचारियों ने सेवा समाप्त करने पर सोमवार को सेक्टर-1 डीसी ऑफिस के गेट के बाहर धरना दिया। उन्होंने मांग कर कहा कि उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जाए। रोष प्रदर्शन स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन पंचकूला, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ सिविल अस्पताल की तरफ से किया गया। स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन पंचकूला की अध्यक्ष रमा ने बताया कि कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया है।
इसे लेकर डीजी हेल्थ पंचकूला की सीएमओ, पीएमओ से यूनियन ने मांग की है। इसके बाद भी नौकरी पर दोबारा रखे जाने का कोई पुख्ता आश्वासन नहीं दिया गया है। अस्पताल में संविदा पर लगाए 17 लेबोरेटरी टेक्नीशियन, दो ऑपरेशन टेक्नीशियन, 6 डाटा इंट्री आपरेटर, 10 एंबुलेंस ड्राइवर, 6 वार्ड ब्वॉय और दो स्टाफ नर्स को हटाया गया है। इस मौके पर आए तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर आश्वासन दिया गया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।