पंचकूला। बरवाला-डेराबस्सी रोड स्थित के एरिया के पास शनिवार रात आठ बजे दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, डेढ़ साल का बच्चा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायलों को सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया है। मरने वालों की पहचान सुनील कुमार, बेटी रिशु (3), बेटा नवनीत उर्फ मोदी (6) निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वर्तमान में वह परिवार के साथ डेराबस्सी में रहता था और भट्टे पर काम करता था। बरवाला चौकी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक सुनील कुमार के भाई बंटी का बयान दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों में सुनील की पत्नी नीरज और अशोक निवासी मोरनी हैं।
मृतक सुनील के भाई बंटी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई सुनील पत्नी नीरज, बेटी रिशु, बेटे नवनीत और आयुष के साथ इलाज करवाने बाइक से पंचकूला जा रहा था। जब वह बरवाला के एरिया के पास पहुंचा तो बाइक चालक अशोक कुमार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि अशोक शराब के नशे में था और गलत दिशा में बाइक लेकर आ रहा था। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी भाभी नीरज और आरोपी बाइक चालक अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों बाइक चालकों ने नहीं पहन रखा था हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। यदि हेलमेट होता तो जान बच सकती थी। लोगों ने बताया कि सुनील की बाइक पर चार लोग सवार थे, जबकि अशोक बाइक पर अकेला ही था। टकराते ही दोनों बाइक दूर जाकर गिरीं और लोग अलग गिरे। इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। पीसीआर और बरवाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
आज होगा एक ही परिवार के तीन लोगों का पोस्टमार्टम
बरवाला चौकी पुलिस प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शव को सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रविवार को होगा। इसके बाद शव दह संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के पीछे का कारण जानने की कोशिश कर रही है।
डेढ़ साल के आयुष को कुछ पता नहीं
सुनील के डेढ़ वर्षीय दूसरे बेटे आयुष को कुछ पता नहीं है। वह अस्पताल में भी बैठकर स्ट्रेचर पर पड़े शव को देख रहा था। लोगों का कहना था कि अब आयुष को कौन संभालेगा। हालांकि परिजनों का कहना है कि आयुष का पालन-पोषण वह खुद करेंगे।
मेडिकल रिपोर्ट में होगी नशे की पुष्टि
पुलिस ने बताया कि घायल महिला और पुरुष की हालत ठीक है। सुबह तक दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। आरोपी बाइक चालक के नशे में होने की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल करवाया गया है। रिपोर्ट आने पर पुष्टि होगी कि आरोपी अशोक नशे में था या नहीं।