बरवाला। नगर निगम के वार्ड नंबर-20 के गांव जलौली में खेतों में जा रहे दो भाइयों की बाइक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। एक भाई ने उपचार के दौरान पीजीआई में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। परिजनों के अनुसार दीपक अपने भाई चंद्रमोहन के साथ बाइक से खेतों में जा रहा था।
बाइक को उसका भाई चंद्रमोहन चला रहा था। अभी वे गांव से थोड़ी ही दूर पहुंचे थे कि एक नीलगाय खेतों की तरफ से भागती हुई अचानक उनके बाइक के सामने आ गई। इससे उनकी बाइक नीलगाय से जा टकराई। हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत दोनो को नागरिक अस्पताल पंचकूला पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने दीपक की गंभीर हालत को देखकर उसको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, वहां पर इलाज के दौरान घायल युवक दीपक की मौत हो गई। चंद्रमोहन के पैर की कई अंगुलियां टूट गई हैं उसका इलाज जारी है।